धाकड़ से धुरंधर हुए सीएम धामी, रक्षा मंत्री ने तारीफ़ में पढ़े कसीदे
Rajnath Singh
उत्तराखंड में 2027 के चुनाव का बिगुल बज चुका है। पहले गृह मंत्री अमित शाह ने हरिद्वार से हुंकार भरी। अब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पुष्कर सिंह धामी सरकार पर पूरा भरोसा जताया है। हल्द्वानी में शनिवार को जन–जन की सरकार चार साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस मौके पर रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की खुलकर तारीफ की।
एमबी इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सीएम धामी को धुरंधर की उपाधि से नवाजा। उन्होंने कहा कि पुष्कर सिंह धामी अब सिर्फ धाकड़ नहीं बल्कि धुरंधर नेता बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि धामी 2027 में बड़ी जीत के लिए तैयार हैं। भारतीय जनता पार्टी ने 2027 के लिए चुनावी बिगुल फूंक दिया है और अब इनकी चुनावी मशीनरी तेजी से काम करने लग गई है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 2022 के चुनाव के दौरान पुष्कर सिंह धामी को धाकड़ कहा था। अपने पुराने बयान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि धामी ने अपने काम से खुद को साबित किया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि धामी ने खुद को एक मजबूत और अनुभवी नेता के तौर पर साबित कर दिया है। इसीलिए हम उन्हें धुरंधर कह रहे हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि सीएम धामी ने अपने फैसलों से लोगों का विश्वास जीता है।
रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के काम की तारीफ करने के लिए क्रिकेट की भाषा का उपयोग किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने इस चार साल के कार्यकाल में शानदार चौका जड़ा है। अब वह सिक्सर लगाने के लिए तैयार हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य सरकार के कामों की भी खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक आदर्श राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार के काम गिनाते हुए कहा कि देवभूमि की भाजपा सरकार ने महिला सशक्तिकरण, सैनिक कल्याण, आर्थिक विकास एवं बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में अच्छा काम किया है। रक्षा मंत्री ने समान आचार संहिता लागू करने को लेकर भी सीएम धामी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि धामी सरकार के फैसलों का असर लंबे समय तक दिखेगा।
क्या बोले सीएम धामी
इस मौके पर बोलते हुए मुख्यमंत्री धामी ने अपने कामों को गिनाया। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने शीतकालीन चार धाम यात्रा की शुरुआत की। इस कदम से प्रदेश में वर्षभर पर्यटन को बढ़ावा दिया गया। उन्होंने जानकारी दी कि पहली बार राज्य में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया गया। इस समिट में 3 लाख 76 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के निवेश समझौते किए गए। उन्होंने बताया कि इनमें से करीब एक लाख करोड़ से ज्यादा के समझौतों को धरातल पर उतारने में सरकार कामयाब रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की वजह से राज्य की आर्थिकी में डेढ़ गुना की वृद्धि हुई है। उन्होंने जीएसटी के साथ ही प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोतरी की बात भी कही। 20 हजार से नए उद्योग स्थापित हुए हैं। बीते चार साल में राज्य में स्टार्टअप्स की संख्या 700 से बढ़कर 1700 पहुंच गई है। मंच से मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा।
कुल मिलाकर भारतीय जनता पार्टी की चुनावी टीम एक्टिव हो चुकी है। साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संबोधन से एक बात तो साफ है कि बीजेपी 2027 का चुनाव भी सीएम धामी के चेहरे पर लड़ सकती है। हालांकि आने वाले दिनों में देखना होगा कि किस तरह बीजेपी अपने चुनाव प्रचार के इस अभियान को आगे लेकर जाती है।
