उत्तराखंड में काँग्रेस करेगी छात्रों की गूँज कार्यक्रम, बीजेपी सरकार को घेरने की तैयारी

राहुल गांधी

राहुल गांधी


उत्तराखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए राजनीतिक पार्टियों ने कमर कसनी शुरू कर दी है। जहां एक तरफ भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंडियों को जगह प्रमुख जगह दी है तो वहीं, अब कांग्रेस भी मैदान में उतर रही है। कांग्रेस युवाओं को साधने की तैयारी में है। कांग्रेस पार्टी अगले महीने 15 सितंबर से पूरे राज्य में छात्रों की गूंज कार्यक्रम शुरू करने वाली है। राहुल गांधी अलग-अलग शहरों में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

कांग्रेस की तरफ से छात्रों की गूंज के ये कार्यक्रम नैनीताल, हल्द्वानी समेत अन्य शहरों में प्रस्तावित हैं। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी इनमें से ज्यादातर कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उत्तराखंड कांग्रेस इन कार्यक्रमों से अधिक से अधिक युवाओं एवं छात्राओं को जोड़ने की कोशिश में जुट गई है।

कांग्रेस इन कार्यक्रमों में न सिर्फ छात्रों के मुद्दों को उठाएगी बल्कि साथ में मोदी सरकार की विफलताओं को भी गिनाएगी। इन कार्यक्रमों में कथित धांधली, पेपर लीक और परीक्षाएं रद्द होने जैसे प्रमुख मुद्दों को उठाने वाली है।

बताया जा रहा है कि छात्रों की गूंज कार्यक्र में सिर्फ राहुल गांधी नहीं शामिल होंगे बल्कि पार्टी के कई राष्ट्रीय कद के नेता भी इसमें हिस्सा लेंगे। इसमें प्रियंका गांधी, राष्ट्रीय महामंत्री के सी वेणुगोपाल समेत पार्टी के अन्य नेता भी शिरकत कर सकते हैं।

आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी में लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। हाल ही में कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा के नेतृत्व में पदाधिकारियों की एक बैठक हुई। इस बैठक में तय किया गया कि विधानसभा चुनावों में जनता से जुडे़ मुद्दे उठाए जाएंगे। इन मुद्दों प्रमुख रूप से बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचा जैसे मुद्दों को तवज्जो दी जाएगी। इसके अलावा प्रदेश सरकार की नाकामियों को भी जनता के सामने लाने की तैयारी है।

इससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने भी उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर अधिक महत्व दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में उत्तराखंड के तीन प्रमुख चेहरों को भी शामिल किया गया है। इसमें तीरथ सिंह रावत को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, सासंद अनिल बलूनी को सोशल मीडिया प्रभारी के पद पर यथावत बनाए रखा गया है। उत्तराखंड के ही आलोक भट्ट को सोशल मीडिया का को-कन्वीनर बनाया गया है।

साफ है कि राष्ट्रीय पार्टियां अब आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। चुनाव में जीत हासिल करने के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही एड़ी-चोटी का जोर लगाने की तैयारी में हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

एक नजर