पहल: वृक्षारोपण अभियान से कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित

Himalayan leaf

कारगिल विजय दिवस के मौके पर देहरादून के हरभजवाला में एक विशेष आयोजन किया गया। इस मौके पर सामाजिक संस्था हिमालयन लीफ ने एक पौधा वीरों के नाम अभियान का आयोजन किया। इस अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम में वृक्षारोपण के माध्यम से न सिर्फ कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

हिमालयन लीफ की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों के साथ ही युवा और बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। संस्था की तरफ से यह भी सुनिश्चित किया गया कि जो पेड़ लगाए जाएं वह अलग-अलग प्रजाति के हों। सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

हरभजवाला में इस आयोजन के अवसर पर हिमालयन लीफ के संस्थापक एवं अध्यक्ष हरीश सनवाल ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था का यह अभियान ‘एक पौधा वीरों के नाम’ अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है बल्कि यह शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करने और पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का एक सशक्त प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था का उद्देश्य सिर्फ वृक्ष लगाकर उन्हें भूल जाने का नहीं है बल्कि हम सबने तय किया है कि इस पूरे अभियान को वास्तविक रूप से सफल बनाया जाएगा। इसके लिए सभी प्रबुद्धजन इन वृक्षों की नियमित देखभाल भी करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा और संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर राजेंद्र कुंवर, सुनीता भंडारी, चंद्रमोहन नगवाल, सतीश मनौड़ी, शिवम सनवाल, दिनेश पांडे, राजू रावत, जय प्रकाश सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के वीर शहीदों को नमन और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

एक नजर