उत्तराखंड बीजेपी के 6 ‘धाकड़’ बने कांग्रेस के ‘धुरंधर’

BJP leaders joins Congress in Uttarakhand

BJP leaders joins Congress in Uttarakhand

साल 2027 में होने वाले चुनावों से पहले उत्तराखंड में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी सियासी सरगर्मी में नेताओं का इस पार्टी से उस पार्टी जाने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। शनिवार को दिल्ली के एआईसीसी मुख्यालय में बीजेपी के कुछ नेताओं ने कांग्रेस का हाथ थामा है। उत्तराखंड राजनीति के 6 दिग्गज नेताओं ने कांग्रेस के साथ जाने का फैसला लिया है। इस मौके पर कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा के साथ ही उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, हरक सिंह रावत समेत अन्य नेता शामिल थे।

भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले नेताओं में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक नारायण पाल, घनसाली विधानसभा से पूर्व विधायक भीमलाल आर्य, रुड़की के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गौरव गोयल का नाम शामिल है। इनके अलावा मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और लाखन सिंह नेगी भी कांग्रेस के साथ हो चले हैं।

बीजेपी नेताओं का अपनी पार्टी में स्वागत करने के साथ ही कांग्रेस ने मंच से हुंकार भरी। पार्टी ने कहा कि आज भाजपा नेता कांग्रेस में शामिल हो गए हैं, इससे स्पष्ट संदेश जाता है कि बीजेपी के दिन अब ज्यादा नहीं रह गए हैं। इस मौके पर उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष करण सिंह माहरा ने अंकिता भंडारी का मुद्दा भी उठाया। 

माहरा ने अंकिता के अलावा राज्य में बेटियों पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा उठाकर बीजेपी को घेरा। इसके अलावा पेपर लीक मामले में हाकम सिंह के बहाने भी उन्होंने उत्तराखंड के सत्ता पक्ष पर हमला बोला। कांग्रेस ने कहा कि बीजेपी नेताओं को भी अब एहसास होने लगा है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी का जहाज डूबने वाला है। पार्टी ने दावा किया कि 2027 में कांग्रेस ही सरकार बनाने जा रही है। 

इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने कहा कि राज्य में कांग्रेस को जनता का अपार स्नेह मिल रहा है। यही वजह है कि भाजपा नेता भी कांग्रेस ज्वाइन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियों से जनता का मोहभंग हो चुका है। दूसरी तरफ, लोगों का कांग्रेस पार्टी की रीतियों एवं नीतियों पर भरोसा बढ़ रहा है। बिष्ट ने कहा कि इन 6 नेताओं ने कांग्रेस ज्वाइन कर पार्टी को मजबूत करने का काम किया है।

अभी तो और आएंगे
पार्टी ने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने वाले भाजपा नेताओं की यह पहली खेप है। पार्टी ने दावा किया कि आने वाले वक्त में पार्टी में भाजपा के और भी नेता शामिल होंगे।

बता दें कि उत्तराखंड में 2027 में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। एक तरफ जहां बीजेपी ने चुनावी अभियान को एक तरह से रफ्तार दे दी है। पहले गृह मंत्री अमित शाह राज्य में आए। उन्होंने जनसभा से चुनावी अभियान शुरू करने का ऐलान कर दिया था। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उत्तराखंड पहुंच रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *